बाबूगढ़ थाना पुलिस ने तीन दिन पहले लूटे गए प्लाइवुड से भरे ट्रक को बरामद कर लिया। लूट को अंजाम देने वाले 15 हजार के ईनामी को दबोच लिया। एसपी ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है।
एसपी अलंकृता सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि दो दिन पहले बरेली से एक ट्रक प्लाइवुड लेकर दिल्ली के लिए चला था। कुचेसर रोड चौपला के पास कार सवार बदमाशों ने ट्रक को लूट लिया था।
इसका खुलासा करने के लिए बाबूगढ़ एसओ विजय बहादुर सिंह और स्वाट टीम के प्रभारी संजय त्यागी को लगाया था। मंगलवार रात एसओ बाबूगढ़ को स्वॉट टीम के प्रभारी संजय त्यागी से सूचना मिली कि प्लाइवुड से भरा लूटा गया ट्रक सिंभावली की ओर जा रहा है।
पुलिस को बाबूगढ़ छावनी की ओर से एक ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। उसको रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया।
पूछतांछ में उसने अपना नाम लुकमान पुत्र बाबू उर्फ फारूख निवासी मोहल्ला तड़ीपार ग्राम नाहल थाना मसूरी जिला गाजियाबाद बताया। जांच करने में पता चला कि वह गाजियाबाद के रजिस्टर्ड गैंग डी-60 का सक्रिय सदस्य है।
उस पर जिला हरदोई में 5 हजार, स्यौहारा जिला बिजनौर में 05 हजार और बाबूगढ़ जिला हापुड़ में 05 हजार रुपये का ईनाम घोषित है। लुकमान ने बताया कि उसने और उसके साथी युसुफ व एक अन्य ने तीन दिन पहले प्लाइवुड से भरे ट्रक को लूटा था।
आरोपी के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और नगदी मिले हैं। बरामद नगदी के बारे में उसने बताया कि 26 अक्तूबर 2015 को उसने और उसके भाई ने एक तेल से भरे ट्रक को लूटा था। इसी वारदात के यह रुपये है। एसपी ने गुडवर्क करने वाली टीम को पांच हजार रुपये ईनाम की घोषणा की है।