एक लाख रुपये की लूट का पुलिस ने किया खुलासा
- फोटो : अमर उजाला
धौलाना थाना क्षेत्र में तीन दिन पूर्व सहकारी समिति के सचिव से हुई करीब एक लाख रुपये की लूट का पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। सचिव को रुपये देने वाले किसान के बेटे ने लूट कराई थी। बदमाश से 50 हजार रुपये बरामद हुए हैं। मुख्य आरोपी अपने एक साथी के साथ फरार है।
गुडवर्क करने वाली टीम को एएसपी पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। एएसपी राम नयन यादव ने बताया कि 19 अप्रैल को हसनपुर लोडा स्थित सहकारी समिति के सचिव जबर सिंह एनटीपीसी से 102800 रुपये लेकर बाइक से अपने एक परिचित को देखने के लिए हाईव पर स्थित रामा हॉस्पिटल जा रहे थे।
धौलाना थाना क्षेत्र की गंग नहर की पटरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका और बाइक और डिग्गी में रखे एक लाख रुपये लूट लिए। वारदात के खुलासा लिए सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। बुधवार को धौलाना एसओ संजीव शुक्ला टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे।
देहरा झाल के पास एक बाइक पर युवक आता दिखाई दिया। रोकने पर युवक ने भागने की कोशिश तो पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। उसने और दो साथियों के साथ तीन दिन पूर्व सहकारी समिति के सचिव जबर सिंह से 102800 रुपये और बाइक लूट का मामला स्वीकार किया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूटी गई बाइक और 50 हजार रुपये बरामद कर लिए। साथ ही एक अन्य बाइक, तमंचा, दो कारतूस भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपी नगला उदयरामपुर थाना धौलाना निवासी शैलेंद्र उर्फ शैली पुत्र किरनपाल ने बताया कि उसने दीपक पुत्र रोहताश के साथ मिलकर लूट की थी।
उसके तीसरे साथी आकाश के पिता शेर सिंह से सचिव जबर सिंह को कैश कलेक्शन करने आना था। शेर सिंह के बेटे आकाश ने ही कैश ले जाने की रेकी की थी। आकाश और दीपक पुत्र रोहताश निवासी नगला उदय रामपुर भागे हुए हैं।