कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से नौ दिन से लापता एक महिला को बेचने की कोशिश की गई। महिला आरोपी अधेड़ के चुंगल से भागने में कामयाब हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अधेड़ को हिरासत में लिया है।
14 जनवरी को कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक महिला को उसी गांव का अधेड़ अगवा करके ले गया था। उसने महिला को गाजियाबाद में लालकुआं के पास एक मकान में रखा था।
तीन-चार दिन मकान में रखने के बाद अधेड़ फोन पर किसी से महिला को बेचने की बात करने लगा। जानकारी होते ही महिला ने पेट में दर्द होने की बात बोलकर मकान की कुंडी खुलवा ली।
कुछ देर बाद जब अधेड़ फोन पर बात करने लगा तो महिला भागकर मायके डासना पहुंच गई। जहां से रविवार सुबह महिला गांव पहुंची और हंगामा करने लगी। शोर सुन भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। महिला ने थाने में पहुंचकर आपबीती सुनाई। कोतवाल ने बताया कि महिला की गुमशुदगी थाने में दर्ज है। अब महिला खुद घर पहुंच गई है जल्द तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।