हापुड़ स्टेशन पर जीआरपी चौकी को नया थाना बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को जीआरपी मुरादाबाद मंडल के पुलिस अधीक्षक ने चौकी का निरीक्षण करने के बाद यह बात कही। निरीक्षण के दौरान लाउड हैलर में सैल नहीं मिलने पर उन्होंने मुंशी को फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार पूर्वाह्न करीब 11:10 बजे पुलिस अधीक्षक जीआरपी वैभव कृष्ण हापुड़ स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने सलामी ली। इसके बाद उन्होंने जीआरपी चौकी का निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने बंदी गृह का निरीक्षण किया।
हालांकि वहां साफ-सफाई मिलने पर उन्होंने जीआरपी कर्मियों की पीठ थपथपाई। इस दौरान उन्होंने लाउड हैलर को चलाने के लिये कहा। जीआरपी के पास मौजूद दो लाउड हैलर में से एक चलता मिला, जबकि दूसरे में सैल नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित मुंशी को फटकार लगाई।
इसके बाद उन्होंने असलहों की जानकारी ली। करीब आधा घंटा तक रजिस्टर और अन्य कक्ष का निरीक्षण किया गया। एसपी ने कहा कि हापुड़ जीआरपी चौकी को थाना बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी माह तक यहां नया थाना बनाकर तैयार कर दिया जाएगा।