तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मारी
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्राली सवार सात लोग घायल हो गए। राहगीर और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया है।
जनपद संभल के मझावली गांव निवासी ओमपाल बुधवार शाम नई ट्राली खरीदने के लिए हापुड़ आए थे। उनके साथ गांव के ही संतराम, बिजेंद्र, पप्पू, यशपाल, करन सिंह और अमर सिंह भी आए थे। देर शाम यह सभी लोग ट्राली और ट्रैक्टर के अन्य पार्ट्स लेकर गांव लौट रहे थे।
रात करीब नौ बजे जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली नेशनल हाईवे पर सिंभावली थाने के सामने पहुंची, पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने ट्रैक्टर डिवाइडर पर चढ़ गया और ट्राली पलट गई।
इससे ट्रैक्टर चला रहे ओमपाल और ट्राली में सवार सभी ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में ट्रैक्टर-ट्राली भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों की चीख पुकार सुनकर पहुंचे राहगीर और स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को ट्राली से बाहर निकाला
और प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दी। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों के परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इंकार कर दिया है। यदि पीड़ित तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।