बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव महमदपुर-आजमपुर में बुधवार की रात नकाबपोश आधा दर्जन से ज्यादा सशस्त्र बदमाशों ने दिल्ली पुलिस में तैनात दरोगा के भाई के घर समेत दो घरों में लूटपाट की।
इस दौरान परिवार वालों को बंदूक के बल पर बंधक बनाकर जेवर व नगदी समेत कई लाख का माल लूट ले गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक टीम गठित कर बदमाशों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
वहीं, ग्रामीणों की माने तो बदमाशों ने गांव में करीब एक घंटे तक रुककर वारदात को अंजाम दिया है। दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर निर्दोष त्यागी के दो भाई अमित त्यागी और विनोद त्यागी गांव महमदपुर-आजमपुर में परिवार के साथ रहते हैं।
बुधवार की रात विनोद व अमित घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब 12:30 बजे आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला। असलहे के बल पर दोनों भाइयों को कब्जे में लेकर घर के अंदर ले गए।
दोनों की पत्नियों रूबी त्यागी व बबली त्यागी के साथ घर में सो रही मां अंगूरी देवी को गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद बदमाशों ने सोने की दो चेन, चार अंगूठी, दो हार सहित करीब दस तोले सोने के जेवर और एक किलो चांदी व 12 हजार रुपये नगद लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सभी को एक कमरे में बंद कर फरार हो गए। उधर, इस घटना के बाद बदमाशों ने शटरिंग का काम करने वाले नरेश त्यागी के घर को निशाना बनाया।
सीढ़ी लगाकर घर के अंदर दाखिल हुए बदमाशों ने नरेश त्यागी और उसकी पत्नी स्वाति त्यागी को असलहे के बल पर कब्जे में लेकर तीन लाख रुपये कीमत के सोने के कंगन, टीका, अंगूठी, नथ, सिक्के और आधा किलो चांदी व 64 सौ रुपये नगद, मोबाइल फोन लूट लिया।
परिवार वालों के विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। बाद में सभी को कमरे में बंदकर भाग गए। सब इंस्पेक्टर निर्दोष त्यागी की मां अंगूरी देवी का संदूक बदमाश अपने साथ ले गए थे। संदूक सुबह जच्चा-बच्चा केंद्र के पास पड़ा मिला।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। रात में ही घटना की सूचना बाबूगढ़ पुलिस को दी। दो घरों में डकैती की वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की गई, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़े। एसओ विजय बहादुर सिंह का कहना है कि पुलिस की टीमें गठित कर बदमाशों की धरपकड़ में लगाई गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।