देहात थाना क्षेत्र के ततारपुर बाईपास पर दिल्ली जाने के लिए सवारी वाहन का इंतजार कर रहे एक होजरी व्यापारी को कार सवार चार बदमाशों ने लिफ्ट देकर लूट लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने उसे पीटा और चलती कार से रामपुर कट पर फेंक दिया। पुलिस की एक टीम को गजरौला रवाना किया गया है।
मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी खालिद अंसारी होजरी का कारोबार करते हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह ततारपुर बाईपास पर दिल्ली जाने के लिए सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे।
तभी गढ़ की ओर से एक ग्रे कलर की जैन कार आई और दिल्ली जाने की आवाज लगाई। खालिद ने बताया कि कार में पहले से ही दो युवक बैठे हुए थे। उसके साथ कार में दो अन्य युवक भी बैठ गए।
जब कार देहात थाने से आगे पहुंची तो कार सवार चारों युवकों ने उससे मारपीट की और तमंचा कनपटी पर तान दिया। खालिद से 30200 रुपये लूट लिए और उसे चलती कार से रामपुर कट पर फेंककर भाग गए।
खालिद किसी प्रकार घर पहुंचा। उसके बाद वह थाने पहुंचा और पुलिस को बताया। पीड़ित द्वारा बताई गई कार और बदमाशों के हुलिया का पता चलने पर पुलिस की एक टीम गजरौला रवाना की गई है। एसओ देहात विनोद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।