जहर खाने के बाद हापुड़ के अस्पताल में भर्ती अपह्त युवती के पिता से मिलने पहुंचे भाजपा नेता सत्यवीर त्यागी
- फोटो : अमर उजाला
मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव अटौला से तीन दिन पूर्व अपह्त हुई युवती के पिता ने पुलिस से नाराज होकर सोमवार सुबह विषाक्त का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजनों ने उन्हें नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। अस्पताल पहुंची मुंडाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अटौला निवासी सुंदर पाल की पुत्री रेखा बीते शुक्रवार की शाम घर से नल पर पानी लेने के लिए गई थी। इसी दौरान कार सवार चार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया था। युवती के भाई ने अपहरणकर्ताओं को देखकर शोर मचाया तो ग्रामीणों ने कार का पीछा कर पुलिस को सूचना दी थी।
जब पुलिस ने जांच शुरू की तो कार की लोकेशन बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मतनौरा में ट्रेस की गई थी। इसके बाद भी युवती और आरोपियों का पता नहीं लग सका था। परिजनों के मुताबिक इससे नाराज होकर सोमवार को सुंदरपाल बिना उन्हें बताए खेत पर गए और वहां विषाक्त पदार्थ खा लिया।
काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। परिजन जब उन्हें तलाशते हुए खेत की ओर गए तो वहां उन्हें बेहोशी की हालत में देख उनके पैर तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें नगर के अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में उनकी हालत स्थिर है। सूचना पर मुंडाली पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच की।