पंद्रह दिन से सपनावत पावर स्टेशन पर बिजली कनेक्शन कराने को चक्कर काट रहे ग्रामीण ने सोमवार को जेई को धुन डाला। केन्द्र पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने जेई को ग्रामीण के चुंगल से बचाया। घायल जेई को हापुड के प्राईवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। उसकी तहरीर पर पुलिस ने ग्रामीण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जेई भास्कर गुप्ता ने बताया कि गांव नरैना निवासी ग्रामीण कर्मवीर अपनी डेयरी पर दो किलोवाट का कनेक्शन कराने को लेकर जिरह करने लगा। कामर्शियल कनेक्शन का मामला होने के चलते लाइन से मौके की दूरी देखकर कनेक्शन जारी करने का प्रावधान है। ग्रामीण ने उसके साथ मारपीट कर दी।
चौकी इंचार्ज अशोक चंदेल ने बताया कि सपनावत उपकेन्द्र पर तैनात अवर अभियंता भास्कर गुप्ता की तहरीर पर नैरना निवासी कर्मवीर पुत्र योगेन्द्र के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्रामीण का कहना है कि केन्द्र पर तैनात एक विद्युत कर्मी ने फार्म व रुपए ले लिए थे, लेकिन 15 दिन से टरकाया जाता रहा। पूछने पर जेई ने अभद्रता कर धमकी दी थीं।