मां को थप्पड़ मारने के बदले में किसान की हत्या करने वाला आखिरकार दो साल बाद पकड़ में आ गया। वह जमानत मिलने के बाद अदालत की पेशी पर पहुंचने की बजाय साधू का वेश धारण कर अमरोहा के मंदिर में रह रहा था।
बहादुरगढ़ पुलिस ने शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर पड़ोसी गांव डेहरा के जंगल से राजू निवासी खेड़ा को गिरफ्तार किया। वह हत्या के मामले में दो साल से वेश बदलकर फरार था। जानकारी के अनुसार करीब तीन साल पहले किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर खेड़ा निवासी जसवंत सिंह ने राजू की मां को थप्पड़ मार दिया था।
इससे गुस्साए राजू ने गोली मारकर जसवंत सिंह की हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी राजू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह जमानत कराकर रातों रात गांव छोड़कर गायब हो गया था। एसओ संजीव शुक्ला ने बताया कि दो साल से अदालत की पेशी पर नहीं पहुंचा हत्यारोपी राजू साधू की वेशभूषा में अमरोहा के गजरौला क्षेत्र के एक मंदिर में रह रहा था।