कोतवाली क्षेत्र की संजय विहार आवास विकास कालोनी में बी-ब्लाक के एक मकान में शार्ट सर्किट से मंगलवार रात करीब 11 बजे आग लग गई। मकान में रखा लाखों का सामान जल गया।
पीड़ित के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने दमकल गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया। संजय विहार आवास विकास निवासी सुरेश सोलंकी अपने परिवार के साथ रहते हैं।
मंगलवार देर रात करीब 11 बजे मकान में शार्ट सर्किट हो गया। आग की लपटों को देखकर परिवार ने घर से बाहर निकलकर शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों ने फायर बिग्रेड को सूचना दी।
दमकल टीम मौके पर आई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान में रखा सारा सामान जल गया था।
पीड़ित ने बताया कि आग के कारण उसका करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हो गया है। एसएचओ राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है।