बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर की मड़ैय्या में मंगलवार को दोपहर एक वृद्ध ने अपनी डेढ़ महीने की मासूम पौत्री को जमीन पर पटक कर बलकटी से टुकड़े-टुकड़े कर मौत के घाट उतार दिया। बच्ची की चीख सुनकर पहुंची पत्नी और पुत्रवधू को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंची पड़ोस की एक महिला को भी बलकटी से हमला कर मार डाला। इस बीच मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आरोपी विपिन को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पत्नी गीता (50) को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पुत्रवधू को लड़की होने से नाराज था। पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह के गांव नूरपुर की मढ़ैया में राहुल की पत्नी सुहानी को डेढ़ महीने पहले पहली बेटी हुई थी। बेटी होने से राहुल का पिता विपिन नाराज चल रहा था।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे विपिन ने खेत से आया तो सुहानी डेढ़ माह की बच्ची आशवी को उसे देकर खाना बनाने चली गई। इस दौरान विपिन ने नन्हीं को जमीन पर पटक दिया और बलकटी से उसके टुकड़े कर डाले।
बच्ची का शोर सुनकर उसको बचाने आई पुत्रवधू सुहानी, पत्नी गीता और पड़ोसन सीमा (40) पत्नी जयवीर पर भी बलकटी से हमला कर दिया। इसमें गर्दन पर बलकटी लगने से सीमा की भी मौके पर मौत हो गई, जबकि घायल सुहानी और गीता का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना के समय राहुल नोएडा अपने ठेकेदारी के काम पर गया हुआ था। किसान बलकटी लिए करीब 40 मिनट तक हंगामा करता रहा। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और विपिन को मकान में बंद कर दिया। सुहानी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विपिन को गिरफ्तार कर लिया।
उससे पूछताछ की जा रही है। सुहानी की तहरीर पर विपिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बेटी पैदा होने से नाराज किसान के दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा है। एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर जरूरी जानकारी ली। राहुल की ससुराल मेरठ के दौराला में है।