मेरठ रोड पर खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव कैली के पास मंगलवार की सुबह तकरीबन छह बजे तेज रफ्तार कार आगे जा रहे वाहन से टकरा गई। इससे कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेरठ जिले के कस्बा जानी निवासी एक ही खानदान के कुछ लोग टावर और चिमनी लगाने का काम करते हैं।
मंगलवार की सुबह चार लोग कार से अपने औजारों के साथ अलीगढ़ जा रहे थे। सुबह करीब छह बजे हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण क्षेत्र के गांव कैली के पास तेज रफ्तार आगे जा रहे किसी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दुर्घटना में जानी निवासी साजिद (30) पुत्र अमजद, आबिद (35) पुत्र अल्ताफ और इरफान (50) पुत्र जमीरुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। यूसुफ पुत्र मुशर्रफ गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस हादसे के बाद जिस वाहन से कार टकराई थी, उसका चालक वाहन समेत भाग गया। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने कार को काटकर मृतकों और घायल को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल से जानकारी कर उनके परिजनों को इस हादसे की सूचना दी। घायल को मेरठ के केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, मृतक इरफान के भतीजे शादाब ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ खरखौदा (मेरठ) थाने में मामला दर्ज कराया है।