थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड पर एक दुकान से मोबाइल चुराकर भाग रहे बाइक सवार एक युवक को पीछा कर दुकानदार ने रेलवे रोड पर पकड़ लिया। शोर सुनकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने उसकी जमकर धुनाई की।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को थाने आ आई। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह जवाहर गंज स्थित अभिषेक शर्मा की मोबाइल की दुकान में एक ग्राहक पहुंचा।
उसने मोबाइल देखते हुए मौका पाकर एक मोबाइल चुरा लिया। बाद में चोर स्वर्ग आश्रम रोड स्थित विकास इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर पहुंचा। उसने मोबाइल खरीदने की बात कहते हुए वहां से भी दो मोबाइल लेकर भागने लगा।
दुकानदार ने उसका पीछा कर रेलवे रोड पर उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने चोर की जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले आई।
पूछताछ में चोर ने अपना नाम श्रीकांत निवासी अगौता बुलंदशहर बताया है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है।