अवैध शराब की सूचना पर दादरी गांव में एक घर में घुसी संदिग्ध आबकारी की टीम ने लूटपाट की। महिला ने विरोध किया तो टीम ने अभद्रता की। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो टीम ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
दादरी निवासी हरपाल की पत्नी बुधवार को घर पर अकेली थी। शाम करीब तीन बजे आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ पहुंचे। पूछने पर महिला को बताया कि उन्हें अवैध शराब की सूचना मिली है। टीम ने पहले ग्राम प्रधान को भी सूचना नहीं दी।
आरोप है कि आबकारी विभाग की टीम ने मकान में रखे एक संदूक को खोल लिया। जिसमें रखी सोने की अंगूठी, कानों के कुंडल, चांदी की पाजेब, तगड़ी निकाल ली। महिला ने विरोध किया तो संदिग्ध अबकारी टीम के लोगों ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर चुप करा दिया।
आबकारी टीम के जाने पर पीड़िता ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पीड़िता बुधवार शाम महिला कोतवाली में तहरीर दी है। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।
ऐसा हुआ है तो वह मामले की जांच कराएंगे।