बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मतनौरा गांव के वर्तमान प्रधान लौकेश कुमार के परिवार को बंधक बनाकर छह नकाबपोश बदमाशों ने डकैती डाली। सोमवार रात डकैत 15 तोले सोना, एक किलो चांदी और 50 हजार रुपये लूटकर ले गए।
जानकारी के अनुसार कलक्ट्रेट से करीब 20 किमी दूर बसे मतनौरा गांव में वर्तमान प्रधान लौकेश कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार रात उनकी ताई केशवती घर के बाहर बरामदे में सो रही थी।
लौकेश कुमार अपने परिवार के साथ मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। रात में छह नकाबपोश बदमाश हाथों में हथियार लेकर दीवार फांदकर घर में घुस आए और केशवती को बंधक बना लिया। उसके कुंडल लूट लिए।
इसके बाद बदमाशों ने बारी-बारी से परिवार के सदस्यों को उठाया और सभी को बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने एक कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये, करीब 15 तोला सोने और एक किलो चांदी के जेवरात लूट लिया। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी।
बदमाशों के जाने पर पीड़ित परिवार ने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। प्रधान के घर डकैती की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसओ बाबूगढ़ विजय बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों के पकड़े जाने का आश्वासन दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - विजय बहादुर सिंह, एसओ बाबूगढ़