बेटियां जहां वर्तमान में चांद पर पहुंच रही,वहीं कुछ लोग अभी भी बेटी को अभिशाप मान उनका तिरस्कार कर रहे हैं। तभी तो बेरहम लोगों ने एक नवजात बच्ची को कचहरी रोड स्थित अधबने नाले में फेंक दिया।
कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। जैसे ही लोगों को इस बात का पता चला तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर मृत नवजात को जमीन में दफना दिया।
बच्ची की सूरत देखने के बाद हर शख्स उसकी बेरहम मां को कोस रहा था। कचहरी रोड पर मोहल्ला गंगापुरा के बाहर इन दिनों नाला निर्माण का काम चल रहा है।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे कुछ बच्चों ने नाले में एक पॉलीबैग पड़ा देखा। जब उसे खोला गया तो उसमें एक नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। जिसकी मौत हो चुकी थी।
बच्चों ने बच्ची पड़ी होने का शोर मचाकर पूरे मोहल्ले के लोगों को मौके पर एकत्रित कर लिया। मौके पर जमा हुए लोगों ने जब पॉलीबैग खोला और उसमें नवजात मृत बच्ची को देखा तो उनमें आक्रोश पनप गया।
लोगों ने मौके पर हंगामा कर दिया। किसी प्रकार सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों का कहना था कि बच्ची को जब यहां फेंका गया होगा, तब वह जिंदा थी। उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हुई है।
लेकिन जिसने भी इस फूल से बच्ची को यहां फेंका है,वह बड़ा बेरहम होगा। एसएचओ राजेंद्र सिंह यादव का कहना है कि बच्ची का पंचनामा भरवाकर उसे जमीन में दफना दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।