थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के पसवाड़ा गांव में ढाई साल के बच्चे की घर में बने चार फीट गहरे हौज में डूबकर मौत हो गई। जबकि हौज में मात्र 1.5 फीट गहरा पानी था। घटना होने के करीब आधे घंटे बाद घर वालों को पता चला। पसवाड़ा गांव में रविवार सुबह करीब 8.30 बजे दर्दनाक घटना हो गई।
किसान सतबीर सिंह के घर में सबमर्सिबल लगा हुआ है, जिसके पास मवेशियों को पानी पिलाने के लिए करीब चार फीट गहरा हौज भी बनाया गया है। उसमें करीब डेढ़ फीट पानी भरा हुआ है। सुबह सतबीर की पत्नी बाला रसोई में खाना बनाने की तैयारी कर रही थी।
उसका ढाई वर्षीय बेटा हरीश आंगन में खेल रहा था। जो धीरे-धीरे हौज के पास चला गया और घुटनों के बल हौज की दीवार पर चढ़ गया। काफी देर से बच्चे की आवाज न सुनाई देने पर मां बाला परेशान हो गई और उसने बच्चे को तलाशना शुरू किया।
तभी उसने हौज में बच्चे को पड़े देखा। बाला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी पहुंच गए। परिजन बच्चे को डॉक्टर के पास ले कर गए। उसने मासूम को मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्चा तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजन और ग्रामीण बच्चे के शव को लेकर पूठ गए और शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया।