गंगा स्नान कर लौटने के दौरान सोमवार को हाईवे पर मिनी ट्रक पलटने से उसमें सवार बच्चे की मौत हो गई और महिला-बच्चों समेत 11 घायल हो गए। घायलों को हापुड़, गढ़ और मेरठ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें एक दिल्ली पुलिस का सिपाही है।
कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के चलते हाईवे पर रूट डायवर्जन किया गया था। इसके बाद भी पुलिस की लापरवाही से भारी वाहनों का आवागमन दिनभर जारी रहा। इससे गंगा स्नान वाले छोटे वाहनों का सफर खतरनाक हो गया। नोएडा के रेलवे रोड दादरी निवासी रामवीर वाल्मीकि की मौत के बाद परिजन और रिश्तेदार दीपदान को आए थे।
वापस लौटने के दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने उनके मिनी ट्रक को टक्कर मार दी। इससे वह डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इसमें रामवीर वाल्मिकी के पुत्र विशाल 10 साल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दिल्ली पुलिस के सिपाही सुरेंद्र सिंह, किरन, नेमवती, राजदेवी, राधेश्याम, कमलेश, सूरजवती, अभिषेक, सोनिया, अनुज, हरि शर्मा घायल हो गए।
जिनमें सुरेंद्र, अभिषेक और सोनिया गढ़ अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि शेष घायलों को मेरठ और हापुड ़रेफर किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के भेज दिया है। सुरेंद्र सिंह ने एफआईआर दर्ज कराई है।
वाहनों की भिड़ंत में महिला-बच्चों समेत 25 घायल हुए
मेरठ रोड पर गांव नानपुर के पास गंगा स्नान से वापस लौट रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे निकलने की होड़ में आपस में भिड़ गईं। इसमें अनिल, उसका भतीजा देवेंद्र, चाचा सुखपाल सिंह, पड़ोसी मोहित, अनिल की पत्नी तेजवती, पुत्री मोनी निवासी दौराला घायल हो गई। दूसरी घटना मेला मार्ग से जुड़े नक्का कुआं मंदिर मार्ग पर हुई।
यहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से बचने के चक्कर में घोड़ा-तांगा सड़क किनारे खाई में पलट गया। तांगे में सवार भूरा सिंह, उसकी पत्नी माया, मां मूर्ति, बेटा हैप्पी निवासी सिकंदराबाद घायल हो गया। तीसरी घटनास्याना चौराहा फ्लाई ओवर के पास हुई।
यहां ब्रजघाट मेले से वापिस लौट रहे दिल्ली के भक्तों से भरी मैजिक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें राजेंद्र सिंह, उसकी पत्नी सुनीता, बेटा अनुज, बेटी सोनिका, मां हरदेई और पिता जयपाल घायल हो गए। चौथी घटना अधर में अटके बदरखा फाटक के रेलवे ओवरब्रिज के पास हुई, जहां इंडिका और सफारी कार में भिड़ंत हो गई।
जिसमें जयराम, दौलती सिंह, राजवीर और रविंद्र निवासी पालम दिल्ली घायल हो गए। इसके अलावा ब्रजघाट पार्किंग की तरफ उतर रही कार की साइड लगने से बाइक पर सवार होकर मेले से लौट रहा रामसिंह और उसकी पत्नी सुनीता निवासी गजरौला घायल हो गए।