विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में आईजी जोन अजय आनंद और डीआईजी केएस इमेनुअल ने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक की। आईजी ने पुलिस कर्मियों से कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को वह चैलेज के रूप में स्वीकार करें।
इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। आईजी अजय आनंद ने बताया कि चुनाव में शांति व्यवस्था एक चुनौती होती है। अधिकारियों को इस चुनौती से निपटने के लिए सतर्कता की जरूरत है।
चुनाव के बीच किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निरोधात्मक कार्रवाई करते समय विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए कि महिलाओं व नाबालिग पर कार्रवाई न की जाए।
उन्होंने कहा कि वाहन चेकिंग के दौरान छोटे से लेकर बड़े वाहनों पर निगाह रखी जाए। डीआईजी केएस इमेनुएल ने पुलिस के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निरोधात्मक कार्रवाई व असलहा जमा कराने पर बल दिया।
उन्होंने बताया कि 17 जनवरी से नामांकन शुरू हो जाएंगे। ऐसे में पुलिस व्यस्त हो जाएगी, इसलिए जल्द निरोधात्मक कार्रवाई व शस्त्र जमा करा लिए जाएं।
बैठक में डीएम अनिल ढींगरा, एसपी अलंकृता सिंह, एएसपी रामनयन यादव, सीओ शैलेंद्र सिंह राठौर, सीओ अतुल यादव, सीओ एसके दुबे, कोतवाली प्रभारी आरके सिंह, एलआईयू निरीक्षक डीपी त्यागी समस्त थानेदार मौजूद रहे।