भैंसा-बुग्गी में निर्माण सामग्री ले जा रहे मजदूर की बुलंदशहर में कैंटर की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे में बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई और भैंसा भी जख्मी हो गया। हादसे के बाद कैंटर चालक कैंटर को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया।
बहादुरगढ़ गांव निवासी 48 वर्षीय राजपाल सिंह बुग्गी में चलाकर परिवार का गुजर बसर करता था। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे बुग्गी में निर्माण सामग्री लेकर स्याना जा रहा था।
गढ़-बुलंदशहर मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बुग्गी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में राजपाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि भैंसा जख्मी हो गया।
नहर चौकी पर तैनात पुलिस ने कैंटर का पीछा किया, मगर आरोपी चालक कैंटर को सड़क किनारे छोड़कर पास के जंगल में खड़ी फसलों में फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे में मौत होने की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।