कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर कालोनी में सात मई को फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को गोली मारकर दो लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने सोमवार को बंटी गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए बदमाशों के पास से कुछ दिन पहले तहसील चौपला पर एक महिला से लूटी गई सोने की चेन, पल्सर बाइक और तमंचे बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह नोएडा में एक लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहा था, तभी उसे दबोच लिया गया।
एसपी अलंकृता सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि सात मई को आदर्श नगर कालोनी में फ्लाईओवर के नीचे बदमाशों ने जनलक्ष्मी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को गोली मारकर दो लाख रुपये लूट लिए थे।
12 जून को तहसील चौपला पर जवाहर गंज की एक महिला से सोने की चेन लूट ली गई थी। इन दोनों वारदातों का खुलासा करने के लिए कोतवाली पुलिस की टीम को लगाया गया था। रविवार की रात सूचना मिली कि दिल्ली रोड स्थित प्रीत विहार गंदे नाले के पास बाइक सवार तीन बदमाश किसी वारदात की योजना बना रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाश बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कनिया कल्याणपुर निवासी हरिओम त्यागी,
जिला गाजियाबाद के साहिबाबाद के पप्पू कालोनी निवासी राहुल वाल्मीकि और देहात थाना क्षेत्र के गढ़ फाटक निवासी अजय कश्यप है।
पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वह बंटी गिरोह के सदस्य है। गिरोह के सरगना बंटी ने ही फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से दो लाख रुपये की लूट कराई थी। इस समय बंटी मुजफ्फरनगर जेल में बंद है।
पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर महिला से लूटी गई चेन के अलावा एक बाइक, दो तमंचा, एक चाकू और कारतूस बरामद किया। बाइक की नंबर प्लेट पर सेट्रो कार का नंबर लिखा था।
बदमाशों ने बताया कि वह नोएडा में पांच लाख की लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। नोएडा की क्राइम ब्रांच टीम ने भी मौके पर आकर आरोपियों से पूछताछ की है।