नेशनल हाईवे पर डूहरी पेट्रोल पंप के सामने रविवार सुबह ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही छात्र के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, धौलाना रोड पर हुए एक अन्य सड़क हादसे में सात लोग घायल हो गए।
गांव अनवरपुर निवासी आकाश (17) जेपीएस ग्लोबल एकेडमी में 12वीं का छात्र था। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह वह बाइक से पिलखुवा आ रहा था। रास्ते में डूहरी पेट्रोल पंप के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने पुलिस से अनुमति लेकर बिना पोस्टमार्टम कराए ही छात्र के शव को अपने साथ ले गए। छात्र की मौत से परजिनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार करते हुए छात्र के शव को अपने साथ ले गए।
वहीं, दूसरी ओर हाईवे पर गालंद कट के पास मिनी मैजिक और एक कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में मैजिक में सवार चालक मसूद, मूर्ति देवी निवासी गालंद, देवानंद खेड़ा सहित सात लोग घायल हो गए।
गनीमत रही कि हादसे में लोगों ज्यादा चोटें नहीं आईं। मौके पर पहुुंची पुलिस ने घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे गई।