टायर निकलने से ट्रॉली पलटी, चालक की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। ट्रैक्टर का टायर निकलने से तरबूज और खरबूजे से भरी ट्रॉली हाईवे पर पलट गई। इससे चालक अमरोहा के किसान की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
जिले अमरोहा के थाना गजरौला क्षेत्र के गांव शीशोवाली के किसान छिद्दन ने अपने खेतों में पालेज की फसल उगाई हुई है। जो सोमवार की तड़के अपनी ट्रैक्टर -ट्रॉली में पालेज से खरबूजे और तरबूज लादकर उन्हें बिक्री के लिए गढ़ की कृषि मंडी ला रहा था। सुबह करीब 6 बजे जैसे ही वह कृषि मंडी से चंद गजों की दूरी पर पहुंचा तो अचानक ट्रैक्टर का टायर निकल गया और ट्राली अनियंत्रित होने से पलट गई। इससे किसान छिद्दन(40) मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ा और ट्रैक्टर के टायर के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आढ़ती हाजी मोहम्मद उमर कुरैशी, सुंदर सैनी और महताभ लईक ने हादसे में किसान की मौत होने की खबर उसके परिजनों को दी तो वह कुछ ही देर में मौके पर आ गए। उनकी मौजूदगी में पुलिस ने किसान का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
इंस्पेक्टर एनके सिंह का कहना है कि हादसे में जान गंवाने वाले किसान की शिनाख्त सूचना पर आए फल आढ़तियों द्वारा की गई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।