बाबूगढ़ पुलिस ने तीन वाहन चोर दबोचे
हापुड़। बाबूगढ़ पुलिस ने स्कूटी व बाइक चोरी करने वाले तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात बाइक व एक स्कूटी भी बरामद की है। तीनों चोर पहली बार पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए एएसपी राम मोहन सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम को बाबूगढ़ पुलिस गांव अलीपुर के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान सूचना पर पुलिस ने बाइक व स्कूटी सवार तीन युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम बबलू व हीरा निवासी सोटावाली व रवि निवासी छपकौली बताये। पूछताछ व उनकी निशानदेही के बाद पुलिस ने सात बाइक व एक स्कूटी बरामद की। पकड़े गए आरोपियों में बबलू मोटर साइकिल मेकेनिक जबकि हीरा हेयर शैलून पर कार्य करता है। दोनों शातिर रूप से हापुड़ के साथ गाजियाबाद, मेरठ व नोएडा में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।