तीन तलाक के बाद पति दे रहा मुकदमा वापस लेने की धमकी
हापुड़। तीन तलाक दिए जाने के बाद मायके में रह रही महिला को उसका पति मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहा है। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में एएसपी कार्यालय पहुंचे पीड़िता के परिजनों ने कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने कोतवाली पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है।
बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ एएसपी कार्यालय पहुंचे मोती कालोनी निवासी अहसान कुरैशी ने बताया कि 14 अप्रैल 2015 को उसकी पुत्री का निकाह देहात थाना क्षेत्र के गूली निवासी नौशाद से हुआ था। निकाह में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए थे। इससे उसकी पुत्री के ससुराल वाले खुश नहीं थे। ये लोग और रुपयों की मांग कर रहे थे। बार बार मांग पूरी होने के बावजूद ससुराल वालों ने उसका उत्पीड़न करना बंद नहीं किया।
20 फरवरी को उसकी पुत्री को बेरहमी से पीटते हुए पांच लाख रुपये की मांग की गयी। 21 फरवरी को दामाद ने उसकी पुत्री को तीन तलाक दे दिया। इस घटना का मुकदमा उसके पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में दर्ज कराया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से नौशाद वांछित चल रहा है। पिता का आरोप है कि अब नौशाद फोन कर मुकदमा वापस करने की धमकी दे रहा है। ऐसे न करने पर वह उसकी पुत्री को जान से मार देगा। एएसपी राम मोहन सिंह ने बताया कि मामले में नामजद की गिरफ्तारी के लिए आदेश जारी किए गए हैं।