प्रॉपर्टी डीलर से मांगी पांच लाख की रंगदारी , एक गिरफ्तार
हापुड़। मेरठ रोड स्थित सर्वोदय कालोनी निवासी एक प्रापर्टी डीलर से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। बदमाशों ने रंगदारी न देने पर प्रॉपर्टी डीलर के पुत्र की हत्या की धमकी दी थी। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी है।
मेरठ रोड स्थित सर्वोदय कालोनी निवासी नितेश कुमार त्यागी प्रापर्टी डीलर का कार्य करते हैं। एक अक्तूबर की रात करीब 11 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। उन्होंने बताया कि फोन करने वाले ने अभद्रता करते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
रुपये नहीं मिलने पर उनके पुत्र की हत्या की धमकी दी गई। पहले तो नितेश ने इसे किसी के द्वारा मजाक मानते हुए नजर अंदाज कर दिया। लेकिन कई बार लगातार फोन आने पर उन्हें खतरा महसूस हुआ। जिसके बाद प्रॉपर्टी डीलर ने थाना देहात पहुंचकर मामले की शिकायत पुलिस से की गयी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली। कॉल के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गयी।
देहात थाना प्रभारी कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आवास विकास निवासी शिवम उर्फ गुंडा और तहसील कपांउड निवासी गोलू चौधरी को नामजद किया गया। शिवम को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि गोलू चौधरी फिलहाल फरार है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।