हैदराबाद पुलिस व एसटीएफ का हापुड़ में छापा
हापुड़। हैदराबाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा और रफीकनगर में छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। औपचारिक कार्रवाई के बाद टीमें तीनों लोगों को अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि हैदराबाद के राजेंद्र नगर में हुई लूट के मामले में ये वांछित थे।
हैदराबाद पुलिस और वहां की एसटीएफ टीम बुधवार रात ही हापुड़ पहुंच गई थी। सुबह के समय पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में छापा मारा। यहां मोहम्मद नदीम और शाहनवाज को गिरफ्तार किया गया। उसके बाद उनकी निशानदेही पर मोहल्ला रफीकनगर निवासी सराफ इमरान को भी गिरफ्तार कर लिया। हैदराबाद की पुलिस औपचारिक कार्रवाई के बाद तीनों को अपने साथ ले गई।
बताया गया कि हैदराबाद के राजेंद्र नगर में हुई किसी लूट के मामले में पुलिस यहां आई थी। दो लोग लूट में शामिल बताए गए हैं जबकि तीसरे को लूट का सामान खरीदने पर गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि लूट की घटना को लेकर यह छापा मारा गया था।