दहेज के लिए विवाहिता के परिजनों को पीटा
हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अल्वीनगर निवासी एक महिला के साथ ससुरालियों ने दहेज में पांच लाख रुपये व कार न मिलने पर मारपीट कर दी। मारपीट की सूचना पर विवाहिता के परिजन पिलखुवा पुत्री की ससुराल पहुंच गए। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने इनके साथ मारपीट करते हुए पथराव कर दिया। जिसमें महिला का भाई घायल हो गया। पिलखुवा पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद मामले की शिकायत एसपी से की गयी है।
बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचे परिजनों ने बताया कि अल्वीनगर निवासी रिजवाना की शादी दो साल पहले पिलखुवा के गांधी कालोनी निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालिजन पांच लाख रुपये व कार की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न कर रहे थे। मंगलवार को ससुरालियों ने दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर दी। किसी प्रकार महिला ने अपने पिता रियाजुद्दीन को फोन कर सूचना दी।
शाम के समय रियाजुद्दीन अपने पुत्र शहजाद व अन्य परिजनों के साथ बेटी के ससुराल पहुंच गए। जब परिजन घर के बाहर पहुंचे तो ससुरालियों ने छत पर खड़े होकर परिजनों पर पथराव कर दिया। गली में पत्थर चलते ही मौके पर अफरा- तफरी मच गयी। जिसमें रिजवाना, रियाजुद्दीन और शहजाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस मामले में परिजनों ने पिलखुवा कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार को घायल और महिला के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराकर मुकदमा दर्ज कराया जायेगा।