बारात की बस उत्तराखंड की बस से भिड़ी
गढ़मुक्तेश्वर। बारात लेकर लौट रही बस हाईवे पर एक उत्तराखंड की बस से भिड़ गई। इससे अनियंत्रित होकर एक बस खंभे से टकरा गई और दूसरी दुकान में जा घुसी। इस हादसे में महिला-बच्चों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हालत बिगड़ने पर तीन को मेरठ रेफर किया गया है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सदरपुर के एक युवक की बारात शुक्रवार रात गाजियाबाद के मोहननगर क्षेत्र में गई थी। वहां से लौटते हुए निजी बस गढ़ के स्याना चौपला पर शनिवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली की ओर जा रही उत्तराखंड डिपो की बस से भिड़ गई। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से बारात की बस सड़क किनारे बिजली ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गई, जबकि उत्तराखंड डिपो की बस सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसी। इस हादसे में निजी बस के ड्राइवर मानसिंह और कई बारातियों समेत मूलचंद, मनोज, इसानी, पुष्कर, मीरा, हरपाल, त्रिहान समेत एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया, जहां से गंभीर हालत में चिकित्सकों ने हरपाल, ऋषिपाल और मूलचंद को मेरठ रेफर कर दिया। दुर्घटनाग्रस्त बसों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।