कच्ची शराब की लत ने मजदूर को मौत की नींद सुलाया
गढ़मुक्तेश्वर। कच्ची शराब की लत ने चार नाबालिग बच्चों के मजदूर पिता को मौत की नींद सुला दिया। परिवार में कोहराम और गांव में भी मातम पसरा है।
मूलरूप से जनपद अमरोहा का निवासी अशोक खड़गवंशी 39 साल पिछले कई साल से अपने परिवार के साथ गढ़ गंगा खादर क्षेत्र के गांव चक लठीरा में रहता था, जो मेहनत मजदूरी से अपनी नाबालिग दो बेटी और दो बेटों समेत पत्नी हर प्यारी की गुजर बसर करता था। गढ़ बार एसोसिएशन के लेखा निरीक्षक अधिवक्ता निरंजन राणा ने बताया कि काफी अरसे से कच्ची शराब पीने का आदी होने से उनका बड़ा भाई अशोक कई माह से बीमार चल रहा था, शुक्रवार की दोपहर शराब पीने के बाद कुछ ही देर में उसकी तबियत बिगड़ गई, जिसे स्थानीय चिकित्सक से दवा दिलाई गई, लेकिन हालत में कोई भी सुधार न होने पर अशोक को गढ़ में नक्का कुआं रोड पर एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार की देर शाम को उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी हर प्यारी का कहना है कि खादर क्षेत्र के अधिकांश गांवों में कच्ची शराब बनाने का गोरखधंधा बड़ी तेजी के साथ कुटीर उद्योग के रूप में फल फूल रहा है, जिसने एक साल के भीतर दर्जनों लोगों को मौत की नींद सुला दिया है, लेकिन सब कुछ पता होने के बाद भी पुलिस प्रशासन समेत आबकारी विभाग इस पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
आबकारी निरीक्षक सीमा कुमारी का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई भी जानकारी नहीं है, बताया कि गंगा खादर क्षेत्र के अधिकांश गांवों में कच्ची शराब बनाने का गोरखधंधा गहरी जड़ जमा चुका है, जिस पर प्रभावी ढंग में रोक लगाने को नियमित तौर पर चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाया हुआ है।