साहब! पुलिस नहीं कर रही दुष्कर्म के आरोपियों पर कार्रवाई
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विधवा महिला से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। बुधवार को पीड़िता ने एसपी से मामले की शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी खुले घूम रहे हैं और धमकी दे रहे हैं।
मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराए जाने की मांग करते हुए पीड़िता ने कहा कि सात सितंबर को उसके साथ घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट की गयी थी। जिसका मुकदमा उसने बाबूगढ़ थाने में दर्ज कराया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि दो आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि आरोपी केस वापस लेन का दबाव बना रहे हैं। साथ ही ऐसा नहीं करने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
इस धमकी से वह और उसका परिवार काफी भयभीत है। पीड़िता ने पूरे प्रकरण की जांच बदलकर क्राइम ब्रांच से कराने की मांग की है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि जांच कराई जा रही है।