संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
--मायके वालों को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार किया
--परिजनों ने हत्या का आरोप लगा छह के खिलाफ तहरीर दी
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। गांव लुहारी में बुधवार की रात महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल वालों ने मायके वालों को सूचना दिए बिना रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह गांव पहुंचे मृतका के परिजनों ने छह लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव लुहारी निवासी सुनील की पत्नी रीतू (35) वर्ष की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद आनन-फानन में ससुराल वालों ने ग्रामीणों की मदद से रात में ही अंतिम संस्कार भी कर दिया। वहीं बृहस्पतिवार की सुबह किसी ने 100 नंबर पर फोन पर महिला को जलाकर मारने की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। जिसके बाद बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतका के मायके वालों को सूचना दी। सूचना के बाद मृतका के पिता गोपाल निवासी गांव खडख़ड़ी जनपद हापुड़ परिजनों के साथ लुहारी पहुंच गए। जहां उन्होंने महिला के पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। गोपाल ने बेटी के पति सुनील, देवर देवेंद्र और ननद अनीता के खिलाफ हत्या करने और तीन लोगों पर अंतिम संस्कार में सहयोग का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मृतका की शादी 2012 में सुनील के साथ हुई थी, जो तीन बच्चों की मां थी। एसओ आरके राठी कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
फोरेंसिक टीम चिता से सैंपल लिए
आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद करीब तीन बजे सीओ संतोष मिश्रा ने फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। जिसके बाद टीम ने श्मशान घाट पर पहुंचकर मृतका की चिता से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। सीओ ने बताया कि सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।