बिना मंजूरी लिए गए पानी कनेक्शन को अधिकारियों ने काटा
नुकसान की भरपाई के लिए पुलिस थाने में दी जाएगी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
जीकरपुर।
नगर काउंसिल ऑफिस की बिना मंजूरी लिए गए पानी के कनेक्शन को अधिकारियों ने काट दिया। सड़क खोदकर पहुंचाए गए नुकसान की भरपाई के लिए अधिकारी संबंधित शोरूम मालिक के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत देंगे।
जानकारी के मुताबिक, गांव लोहगढ़ जाने वाली सड़क पर स्थित डिफेंस एन्क्लेव के बाहर ग्रीन एन्क्लेव में एक व्यक्ति शोरूम का निर्माण करवा रहा है। निर्माण कार्य के लिए शोरूम मालिक ने रविवार रात सड़क खोदकर पाइपलाइन से पानी का कनेक्शन जोड़ लिया। इस मामले की जानकारी नगर काउंसिल के अधिकारियों को दी गई, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद 23 नवंबर के अंक में अमर उजाला में ‘बिना मंजूरी के ही सड़क खोदकर जोड़ा पानी का कनेक्शन’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई। इसके बाद यह मामला अधिकारियों के ध्यान में आया, उन्होंने कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसडीओ वरिंदर कुमार ने कहा कि इस मामले की शिकायत मिलने के बाद जेई पवन कुमार को जांच के निर्देश दिए गए थे। मामले की पड़ताल के बाद सामने आया है कि शोरूम मालिक ने विभाग की मंजूरी लिए बिना पानी का कनेक्शन जोड़ लिया। वीरवार को उक्त कनेक्शन को काट दिया गया और शोरूम मालिक के खिलाफ नुकसान की भरपाई के लिए थाने में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।