पिकअप लूट में शामिल छह बदमाश दबोचे
हापुड़। सिंभावली पुलिस ने पांच दिन पहले हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटी गई मैक्स पिकअप के अलावा तीन तमंचे, तीन चाकू और छह कारतूस भी बरामद कि ए हैं। पकड़े गए सभी बदमाश जिला बुलंदशहर की जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव चांदौक के रहने वाले हैं।
पुलिस ऑफिस में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक राम मोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार रात सिंभावली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि कुछ बदमाश लूटी हुई मैक्स पिकअप व एक अन्य कार में सवार होकर नहर की पटरी होते हुए पिकअप को हापुड़ या मेरठ बेचने आ रहे हैं। पुलिस ने नहर पुल से स्याना की ओर जखेड़ा झाल नहर पुल पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों गाड़ियां आती हुए दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालकों ने गाड़ियों को जखैड़ा गांव की तरफ मोड़ दिया और भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को दबोच लिया। इनकी पहचान नीरज पुत्र ओमप्रकाश, बंटी पुत्र शेर सिंह, खुशवीर पुत्र नवल सिंह, रामवीर पुत्र भूदेव, बबलू पुत्र धर्मसिंह और ओमप्रकाश पुत्र नैनसुख निवासी गांव चांदौक कोतवाली जहांगीराबाद जनपद हापुड़ के रूप में हुई। बदमाशों के पास से तीन तमंचे, तीन चाकू और छह कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 22 दिसंबर की रात रजापुर पुल पर स्याना निवासी मोहित से मैक्स पिकअप लूटी थी। जिसमें दूध से भरी 25 एल्यूमिनियम की कैन रखी थीं। दूध को नहर में डाल दिया गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है।