डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार की मौत, एक घायल
हापुड़। बाबूगढ़ थानाक्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला के पास एनएच-24 पर बाइक के डिवाइडर से टकराने से गांव रसूलपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव रसूलपुर निवासी 37 वर्षीय अमित और मोनू एक होटल पर खाना खाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कुचेसर रोड चौपला के पास पहुंचे तो बाइक फिसल गई। अमित का सिर डिवाइडर में टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार का कहना है कि बाइक के डिवाइडर से टकराने के कारण युवक की मौत हो गई थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने के लिए मना कर दिया। परिजनों ने शव को अंतिम संस्कार कर दिया है।