भारतीय खाद्य निगम में नौकरी दिलाने के नाम पर एक विकलांग सहित राजस्थान और मथुरा के 16 लोगों से मजदूर संघ के एक पदाधिकारी ने करीब 28 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि जब पीड़ितों को नौकरी का प्रमाण पत्र नहीं मिला तो रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
सोमवार को पीड़ितों ने एसपी कार्यालय पर शिकायती की। एसपी कार्यालय पहुंचे राजस्थान के गंगापुर सिटी जिला सवाई माधोपुर निवासी विकलांग एलआर मीणा ने बताया कि वर्ष 2011 में उनकी मुलाकात मजदूर संघ के एक पदाधिकारी से हुई थी।
उसने एफसीआई के खुर्जा डिपो में नौकरी लगवाने का लालच दिया था। उसके झांसे में आकर उसने, राजेश निवासी गंगापुर सिटी, धर्म सिंह व काडूराम निवासी बगलाई राजस्थान, हरवीर, अनिल, ओमप्रकाश, मदन मोहन, सुंदर, सुरेश निवासी हथकौली थाना बलदेव जिला मथुरा सहित कुल 16 लोगों ने 16 लाख रुपये दे दिए।
उसने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति साढ़े तीन लाख रुपये में तय किया गया था। शेष रकम ढाई लाख रुपये नौकरी लग जाने के बाद देना तय हुआ था। दिसंबर 2015 में 16 लोगों ने साढ़े चार लाख रुपये और मजदूर संघ के पदाधिकारी को दे दिए,
15 फरवरी 2016 को 8 लाख रुपये दिए गए थे। साथ ही 10 दिन में नौकरी लगने की बात कही गई थी। आरोप है कि चार महीने बाद भी न तो उन्हें नौकरी मिल सकी और न ही उनके रुपये वापस मिल सके हैं।
जब पदाधिकारी से 10 मई को 16 लोगों ने अपने रुपये वापस मांगे तो उसने अपने पुत्रों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की और बदमाशों से मरवाने की बात कही। सोमवार को पीड़ितों ने एसपी अलंकृता सिंह को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।