खाना मांगा तो बेटों ने बूढ़ी मां को पीटा, घर से निकाला
- पीड़ित वृद्धा ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। वृद्ध मां के खाना मांगने पर बेटों का गुस्सा इस कदर भड़क उठा कि उन्होंने मां की बुरी तरह से पिटाई कर दी। गुस्साए बेटों ने मां को घर से भी निकाल दिया। किसी तरह थाने पहुंची वृद्धा ने पुलिस से अपना दर्द बयां किया। पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव खागोई निवासी एक वृद्धा ने मंगलवार को थाने में तहरीर दी है। वृद्धा ने बताया कि उनके दोनों बेटे शादीशुदा हैं। दोनों आए दिन उनके साथ मारपीट करते हैं। वृद्धा का कहना है उनके बेटे उनको खाने के लिए भी नहीं देते हैं। अक्सर वह बीना खाए पीए रहती हैं। मंगलवार को उन्होंने बेटों से खाना मांगा तो वह भड़क गए। वृद्धा ने रोते हुए बताया कि खाना मांगने पर उनके बेटों ने उन्हें बुरी तरह से मारा पीटा और घर से निकाल दिया। पिटाई और भूख प्यास से बेहाल वह किसी तरह से थाने पहुंची और पुलिस को आप बीती बताई। इंस्पेक्टर दिनेश यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों की जल्द तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।