मायके में रह रही विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
- ससुरालवालों पर मारपीट कर छोड़कर जाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर कालोनी में अपने मायके में रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं, मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर एक माह पूर्व मारपीट कर मायके में छोड़ जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मोहल्ला आदर्श नगर कालोनी निवासी सतबीर की पुत्री मोनिका की शादी 26 अप्रैल 2016 को गाजियाबाद जिले अंतर्गत गोविंदपुरी बापूधाम निवासी सुभाष के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुरालियों ने दहेज की मांग को उसे लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान मृतका को गुम चोटें आईं थीं। 3 दिसंबर को सुभाष बिमारी की हालत में मोनिका को उसके मायके छोड़कर गया था। तभी से मृतका की मां बाला उसका एक अस्पताल में इलाज करा रही थी। सोमवार को बीमारी से जूझ रही पीड़िता ने दम तोड़ दिया। इससे आहत मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि मृतका के ससुरालियों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।