मार्निंग वॉक पर निकली युवती से मोबाइल छीना
- भीड़ ने बदमाश को पकड़कर पुलिस को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। दिल्ली रोड पर एसएसवी चौकी के समीप मार्निंग वाक पर जा रही एक युवती से बाइक सवार बदमाश ने मोबाइल छीन लिया। युवती ने शोर मचाया तो वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने बदमाश को बाइक सहित पकड़ लिया। उसे मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह लज्जापुरी निवासी एक युवती एसएसवी कालेज में मार्निंग वाक के लिए जा रही थी। जैसे ही वह दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पुलिस चौकी के समीप पहुंची तो बाइक सवार एक बदमाश ने उसका मोबाइल छीन लिया। युवती के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने बदमाश को बाइक सहित पकड़ लिया। उसके साथ जमकर मारपीट की गई। स्थानीय लोगों ने बदमाश को पुलिस को सौंप दिया। वहीं युवती ने मामले में शिकायत दर्ज कराने से इंकार कर दिया।
कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि युवती ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।