रेप के बाद गला दबाकर की गई थी किशोरी की हत्या
हापुड़। मोहल्ला फूलगढ़ी में बुधवार को घर में छोटे भाई के साथ मौजूद किशोरी की हत्या के मामले में मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। उसके प्राइवेट पार्ट्स पर चोटों के निशान भी मिले हैं। हालांकि अभी सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फरार नौकर सोनू की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि बुधवार दोपहर नगर के मोहल्ला फूलगढ़ी में डेयरी संचालक की 13 वर्षीय पुत्री का शव अर्धनग्न स्थिति में भूसे में दबा हुआ मिला था। जबकि उसके छोटे भाई की गर्दन रेत कर हत्या की कोशिश की गई थी। मामले में पुलिस ने दो नौकरों अंकुर और सोनू के खिलाफ रेप की धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए अंकुर को गिरफ्तार कर लिया था। गुरुवार को आई मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है, लेकिन सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि दुष्कर्म की पुष्टि के साथ मृतका के प्राइवेट पार्ट्स पर चोटों के निशान मिले हैं। सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि के लिए डीएनए व सैंपलिंग को लैब भेजा जा रहा है। रिपोर्ट में किशोरी की मौत दम घुटने से हुई है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।