गैस सिलिंडर लीक होने से लगी आग, महिला की मौत
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर में बुधवार को दोपहर करीब ढाई बजे एक मकान में गैस सिलिंडर लीक होने के कारण भीषण आग लग गई। यही नहीं एक छोटा सिलिंडर भी फट गया। इसमें मायके आई एक महिला आग में झुलस गई जिससे उसकी मौत हो गई। कमरे का रखा सामान भी नष्ट हो गया। एक अन्य कमरे में सोते उसके दो मासूम बच्चों को छत तोड़कर ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया। इस हादसे की सूचना मिलते ही हजारों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके साथ ही पुलिस भी वहां पहुंच गई। मौके पर घंटों तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार महमूदपुर गांव निवासी महेन्द्र की बेटी संगीता का विवाह 9 वर्ष पूर्व हापुड़ के इन्द्र गढ़ी मोहल्ला निवासी मूलचंद के साथ हुआ था। संगीता 4 मार्च को अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए महमूदपुर गई थी। उसके दो बच्चे सागर और तनू भी साथ में गये थे। तभी से संगीता महमूदपुर में ही थी।
इस दौरान बुधवार अपराह्न करीब ढाई बजे संगीता घर में अकेली थी तथा उसके दोनों बच्चे, भाई और मां एक अन्य कमरे में सो रहे थे। पता नहीं कैसे बाहर के कमरे के अंदर रखा गैस सिलिंडर लीक हो गया। वहीं पर एक छोटा सिलिंडर भी रखा था। माना जा रहा है कि गैस जलाने का प्रयास करते ही समूचा कमरा आग के गुब्बार में बदल गया और छोटा सिलिंडर फट गया। इस आग में घिरी संगीता चारपाई से गिर गई जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। इस कारण उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह छत तोड़कर उसके दो बच्चों, भाई और मां को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार कराया। इस दौरान वहां हजारों ग्रामीण एकत्रित हो गए तथा घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
ग्राम प्रधान हरेन्द्र की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर मृतका के पति तथा अन्य ससुराल जनों और मायके वालों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक राम मोहन सिंह ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम के बाद आगे की जांच कराई जाएगी।
फोटो- 01,02
दूध गर्म करते गैस में आग लगने से हड़कंप
आग बुझाने के प्रयास में पड़ोसन महिला का हाथ झुलसा
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ रोड स्थित मोहल्ला सुभाष नगर निवासी हरकेशो देवी बुधवार सुबह रसोईघर में गैस पर दूध गर्म कर रही थी। अचानक सिलिंडर के पाइप से गैस लीकेज होने के कारण आग लग गई जिसमें वह झुलस गई।
आग लगता देख महिला ने शोर मचा दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शोर सुनकर मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने फोन कर दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। दमकल विभाग की गाड़ी के मौके पर पहुंचने से पहले ही लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग बुझाने का प्रयास करते समय पड़ोस की महिला शकुंतला देवी का हाथ भी झुलस गया। सीएफओ अनिमेष सिंह ने बताया कि गैस सिलिंडर के पाइप में आग लग गई थी।