मौसेरे मामा ने मासूम भांजे का किया अपहरण
गढ़मुक्तेश्वर। मौसेरा मामा मासूम भांजे का अपहरण कर उसे बेचने को बिजनौर ले गया, लेकिन पुलिस ने आरोपी की सुरागरसी कर बच्चे समेत दबोच लिया।
गढ़-चौपला रोड पर यूको बैंक शाखा के पास रहने वाले टीटू की पत्नी का रिश्ते में मौसेरा भाई लगने वाला नीरज रविवार की दोपहर को बहन से मिलने आया था, जो देर शाम को ढाई साल के भांजे कुणाल का घर के बाहर से अपहरण कर रफूचक्कर हो गया। कई घंटों तक खोजबीन करने के बाद भी जब कुणाल का कोई पता नहीं लग पाया, तो अनहोनी की आशंका से भयभीत परिजनों ने गांव में मुनादी कराई। जिससे मामले की जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आ गई, जिसने सुरागरसी करते हुए आरोपी नीरज को बच्चे समेत दबोच लिया। इंस्पेक्टर एनके सिंह ने बताया कि आरोपी नीरज के खिलाफ बच्चे का अपहरण करने का केस दर्ज कर लिया गया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर बताया कि जनपद बिजनौर में एक निसंतान दंपति को बेचने के मकसद से बच्चे का अपहरण किया था।
पुलिस की सजगता से आरोपी का लगा सुराघ
ढाई साल के इकलौते बेटे कुणाल के संदिग्ध दशा में लापता होने और कई घंटों की खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न लगने पर मां बाप का रो रोकर बुला हाल हो गया। बच्चे की बरमादगी के मकसद से टीटू ने किराए पर लाउड स्पीकर लेकर गढ़ के गली मोहल्लों समेत मैन रास्तों पर कई घंटों तक मुनादी कराई। जैसे ही मुनादी करने वाला लाउड स्पीकर कोतवाली के सामने पहुंचा तो पुलिस के कान खड़े हो गए। बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर एनके सिंह ने पुलिस टीम को टीटू के घर भेज दिया, जिसने पूछताछ के बाद सारी हकीकत का पता लगाकर नीरज की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर नीरज को बिजनौर से दबोचकर उसके चंगुल से बच्चा भी बरामद कर लिया।