शराबी ने अपने ही घर में लगायी आग
- ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर सलामतपुर में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में धुत होकर अपने ही घर में आग लगा दी। गनीमत रही कि इस दौरान घर में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। आनन फानन में ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव मुबारिकपुर सलामतपुर निवासी एक व्यक्ति शराब पीने का आदी है। मंगलवार को उसके परिवार के लोग कहीं बाहर गए हुए थे। ग्रामीणों ने बताया कि घर वालों के न होने के कारण उसने मंगलवार को जमकर शराब पी। इसके बाद नशे में अपने ही घर में आग लगा दी। कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। धुआं उठता देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन फानन में ग्रामीणों ने घर से सिलिंडर, बाइक व अन्य कीमती सामान बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। तब तक घर में रखा काफी सामान जल गया था। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।