हर्ष फायरिंग के दौरान वृद्ध को लगी गोली, गंभीर
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के गांव धनौरा में आई एक बारात में चढ़त के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में एक वृद्ध को गोली लग गई। वृद्ध को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। सुबह पुलिस को मामले की जानकारी हुई, लेकिन ग्रामीणों ने ऐसी किसी घटना होने से इंकार कर दिया।
देहात थाना क्षेत्र के गांव धनौरा में रविवार रात पिलखुवा से एक बारात आई थी। बताया जाता है कि चढ़त के दौरान बारात में आए कुछ लोग हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी दौरान एक गोली बारात में शामिल वृद्ध रामशरण निवासी मोदीनगर को लग गई। आनन फानन में बराती वृद्घ को उठाकर हापुड़ के निजी अस्पताल ले गए जहां उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद बराती घायल वृद्ध को अपने साथ ले गए। सुबह किसी ने देहात पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। देहात थाना प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि हर्ष फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद गांव में जाकर मामले की जांच की गई, लेकिन ग्रामीणों ने ऐसी किसी घटना होने से इंकार किया है। हालांकि अभी इस संबंध में जांच जारी है।