बिहार से चोरी 204 कट्टे चावल बरामद
हापुड़। ट्रकों में लदे सामान को चोरी करने वाले एक शातिर गैंग के तीन सदस्यों को कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से बिहार से चोरी किए गए 204 कट्टे चावल बरामद किया है। पुलिस गैंग के बाकी फरार साथियों की तलाश कर रही है।
कोतवाली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीओ राजेश कुमार ने बताया कि जदीद चौकी प्रभारी सरवन कुमार व स्वाट टीम प्रभारी रवि रतन सिंह को रविवार रात सूचना मिली कि गांव चितौली मोड़ पर तीन बदमाश चोरी किए गए चावलों के साथ मौजूद हैं। वे इस चावल को बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने निर्धारित स्थान पर छापा मारकर कैंटर को घेर लिया। इस दौरान कैंटर में सवार तीन बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें दबोच लिया गया। कैंटर से 25-25 किलो के 204 कट्टे बासमती चावल के बरामद किए गए। इसके अलावा तीनों बदमाशों से एक तमंचा और चाकू भी बरामद किए गए। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपने नाम गुफरान पुत्र रफीक निवासी मुरादपुर थाना सिंभावली, शहजाद पुत्र मंसूरपुरा सैफी निवासी सैफी कालोनी थाना सिंभावली व फुरकान पुत्र इंसाद निवासी मधुपुरा थाना पिलखुवा बताए। पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि इन सभी ने बिहार के जिला बेगूसराय के फुलड़िया स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक से 15 फरवरी की रात यह चावल चोरी किया था जिसे वे बेचने की फिराक में थे।
कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि सभी आरोपी शातिर आरोपी हैं। पहले चोरी के लिए रेकी की जाती है और बाद में अपने सदस्यों को बुलाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था। इस घटना में पहले रेकी कर दूसरे सदस्यों को ट्रेन द्वारा बिहार बुलाया गया। गिरोह के तीन सदस्य अभी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।