गेस्ट हाउस के चौकीदार को पीटा
गढ़मुक्तेश्वर। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस का गेट न घोलने पर कथित भाजपा नेताओं ने चौकीदार को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने चौकी में सूचना देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गंगा नगरी ब्रजघाट में स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में कार्यरत चौकीदार ब्रजपाल ने सोमवार की देर शाम चौकी में शिकायत की है। जिसका कहना है के मौनी अमावस्या पर शाम करीब छह बजे कार में सवार होकर चार युवक गेस्ट हाउस के बाहर पहुंचे। जिन्होंने खुद को भाजपा नेता और एक विधायक का करीबी बताते हुए गेस्ट हाउस का गेट खोलने के लिए कहा। गेट खोलने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मोबाइल पर किसी से उसकी बात कराई। जिसके बाद उसने गेट खोल दिया। गेट खुलने के बाद आरोपियों ने कार से उतरकर उसे दबोच लिया और मारपीट कर घायल कर दिया। हंगामा होने पर आसपास मौजूद राहगीरों और क्षेत्रीय लोगों ने उसे बचाया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी धमकी देते हुए चले गए। वहीं चौकी इंचार्ज राजीव सिंह का कहना है कि उन्हें घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।