गंदे पानी की निकासी रोकने के विरोध पर महिला को पीटा
- पीड़िता ने 181 पर कॉल कर दी सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। नाली बंद कर गंदे पानी की निकासी रोकने का विरोध करने पर चचेरे ससुर और उसके परिजनों ने महिला को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता ने 181 नंबर पर कॉल कर घटना की सूचना दी। इसके बाद थाने में भी आरोपियों को नामजद कर तहरीर दी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पूठ निवासी पिंकी ने बृहस्पतिवार की शाम थाने में तहरीर दी है। उसका कहना है कि वह दोपहर के समय घर पर अकेली थी। पड़ोस में ही रहने वाले चचेरे ससुर ने नाली बंद कर गंदे पानी की निकासी बंद कर दी, जिससे पानी उसके घर के सामने भरने लगा। महिला का कहना है कि नाली बंद करने का विरोध करने पर आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन 181 पर कॉल कर सूचना दी। सूचना के बाद हेल्पलाइन की सदस्य सोनिया ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इसके बाद आरोपियों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर देकर पीड़िता ने कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसओ जयपाल सिंह रावत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।