बैंक अधिकारी पर पॉलिसी देने के नाम पर ठगी का आरोप
- पीड़ित ने बैंक अधिकारी पर पॉलिसी के पेपर न देने का आरोप लगाते हुए दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। नगर के मोहल्ला गांधी गंज निवासी एक युवक ने एक निजी बैंक के मैनेजर पर पॉलिसी देने के नाम पर ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला गांधी गंज निवासी मोहित सिंहल की पक्का बाग में फर्म है। उसका खाता रेलवे रोड स्थित एक निजी बैंक में है। मोहित ने बताया कि वर्ष 2012 में इस बैंक के एक अधिकारी उसकी फर्म पर आए और एक बीमा पॉलिसी के संबंध में जानकारी दी। अधिकारी ने स्कीम के तहत पॉलिसी कराने की बात कही। इस पर उसने बैंक अधिकारी को 62304 रुपये का चैक पॉलिसी के बाबत दे दिया। इसके बाद काफी दिनों तक भी जब उसके पास पॉलिसी संबंधित कागजात नहीं आए तो उसने संबंधित अधिकारी से संपर्क किया। तब अधिकारी ने उसकी पॉलिसी के कागजात सुरक्षित होने की बात कहते हुए टाल दिया। मोहित ने आरोप लगाते हुए कहा कि एक साल पहले उसकी पॉलिसी की तिथि पूरी हो चुकी है, लेकिन अधिकारी रुपये देने से मुकर रहा है। रुपये देने का जोर देने पर बैंक अधिकारी ने उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया का कहना है कि पीड़ित की तहरीर ले ली है। जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।