कार में लिफ्ट देकर सवारी को लूटकर फेंका
- पुलिस ने नहीं की रिपोर्ट दर्ज, पीड़ित काट रहा चक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। क्षेत्र के तहसील चौराहे से लिफ्ट देकर एक व्यक्ति को बदमाशों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर दस हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद चलती गाड़ी से धक्का दे दिया। मामले की शिकायत करने पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
लिहसड़ी भगवतीपुर, सिंभावली निवासी नरेंद्र हापुड़ आया था। रविवार की शाम वह घर जाने के लिए हापुड़ स्थित तहसील चौराहे पर खड़े होकर बस का इंतजार करने लगा। तभी एक कार वहां आकर रुकी। कार चालक ने उसे लिफ्ट देने के बहाने उसमें बैठा लिया। जिसके बाद चालक ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। बेहोश होने पर उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपये व एटीएम निकाल लिया। नशे की हालत में ही पीड़ित से एटीएम का पासवर्ड पूछ लिया। थोड़ी दूर जाकर चालक उसे कार से धक्का देकर फरार हो गया। इसके बाद चालक ने उसके एटीएम से 18 हजार रुपये और निकाल लिए। होश आने पर कोतवाली पहुंचे पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कोतवाली प्रभारी समरजीत ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।